Breaking
5 Oct 2026, Mon

हरिद्वार में स्कूल वाहनों पर सख्ती: दूसरे दिन 45 वाहनों के चालान

हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर जनपद में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाया जा रहा विशेष सघन जांच अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीमों ने गुरुवार को विभिन्न स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर संचालित स्कूल बसों व अन्य विद्यालय वाहनों का गहन निरीक्षण किया।अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यालयी बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और मोटरयान अधिनियम व शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराना है।

जांच के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और लेडी अटेंडेंट की उपलब्धता सहित अन्य सुरक्षा मानकों का विस्तृत परीक्षण किया गया। निरीक्षण में अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 45 विद्यालय वाहनों के चालान किए गए। प्रमुख उल्लंघनों में फिटनेस प्रमाणपत्र का अभाव, परमिट संबंधी खामियां, चालक के पास वैध लाइसेंस न होना, अग्निशमन यंत्र व फर्स्ट एड बॉक्स न मिलना और मानकों के अनुसार लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति शामिल रही।

इस दौरान स्कूल प्रबंधन और वाहन चालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाहनों का संचालन केवल वैध दस्तावेजों और अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के साथ ही किया जाए। विभाग ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी पर आगे और कठोर कार्रवाई होगी।परिवहन विभाग ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आज के अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी और परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सहित प्रवर्तन टीम शामिल रही।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *