Breaking
15 Sep 2026, Tue

उत्तराखंड बोर्ड: हाईस्कूल-इंटर की सुधार परीक्षा 22 से 29 जुलाई तक, सफल संचालन को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

नैनीताल:(जीशान मलिक) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की सुधार परीक्षा-2026 (प्रथम) एवं सुधार परीक्षा-2025 (तृतीय) का आयोजन 22 जुलाई 2026 से 29 जुलाई 2026 के बीच किया जाएगा। परीक्षा के सफल संचालन के लिए परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।परिषद के निदेशक माध्यमिक शिक्षा एवं सभापति विनोद प्रसाद सिमल्टी की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल, संयुक्त सचिव सीपी0 रतूड़ी, उप सचिव सुषमा गौरव सहित प्रदेश के सभी 13 जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारी यानी मुख्य नियंत्रक, 13 संकलन केंद्रों के प्रधानाचार्य यानी उप नियंत्रक और 02 मूल्यांकन केंद्रों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।इसके अलावा शैलेंद्र जोशी, शो0अ0, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव रावत और प्रशासनिक अधिकारी गंगा प्रसाद उनियाल भी बैठक में शामिल हुए।

निदेशक/सभापति विनोद प्रसाद सिमल्टी ने मुख्य शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाचार्यों/उप नियंत्रकों को सुधार परीक्षा के सुचारू और नकलविहीन संचालन के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परीक्षा को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। वहीं संयुक्त सचिव सीपी0 रतूड़ी ने मुख्य नियंत्रक और उप नियंत्रकों को परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, मूल्यांकन और परिणाम समय से जारी करने संबंधी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी।

परिषद ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनपदों में परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संसाधन, पर्यवेक्षक और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि 22 से 29 जुलाई तक होने वाली सुधार परीक्षाएं बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकें।यह सुधार परीक्षा उन छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित की जा रही है जो हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की मुख्य परीक्षा में अपने प्राप्तांक सुधारना चाहते हैं या किसी विषय में अनुत्तीर्ण रहे हैं।परिषद सचिव विनोद कुमार ढौंडियाल ने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *