हरिद्वार:(जीशान मलिक)आगामी कांवड़ मेला-2026 को सकुशल और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान DM-SSP ने मनसा देवी हिल बाईपास, मोतीचूर, भूपतवाला, सप्तऋषि आश्रम, पंतद्वीप, लालजीवाला, चंडी चौक, नजीबाबाद रोड, गौरीशंकर और नमामि गंगे घाट सहित प्रमुख स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा मार्ग, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, सड़क मरम्मत, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग को पूर्णतः सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए। जहां मरम्मत या निर्माण कार्य चल रहे हैं उन्हें प्राथमिकता पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मेले में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है, इसलिए प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता और समन्वय के साथ करे।DM ने भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक प्रबंधन को मेले की सफलता का आधार बताते हुए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, डायवर्जन और सूचना संकेतक लगाने के निर्देश दिए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को संयुक्त रूप से नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने को कहा गया।जिलाधिकारी ने सभी विभागों को 25 जुलाई तक सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समयबद्धता और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और हर विभाग दैनिक समीक्षा करेगा।
निरीक्षण में DM ने सीवर लाइन निर्माण और रिंग रोड परियोजना के कार्यों की भी समीक्षा की। कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूर्ण करने और निर्माण के दौरान कांवड़ मार्ग पर अवरोध न उत्पन्न होने देने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन की कार्ययोजना समय से पूर्ण की जाए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिले।
निरीक्षण के दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह सहित एनएचएआई और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

