रानीपुर विधानसभा में आन्नेकी-हेत्तमपुर पुल निर्माण को केंद्र सरकार ने 39 करोड़ रुपए किए स्वीकृत
हरिद्वार , 25 मार्च 2025
रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मार्ग पर हेत्तमपुर आन्नेकी में नए पुल के निर्माण हेतु केंद्र सरकार ने 38.93 करोड़ रुपये की लागत राशि स्वीकृत कर दी है। इस निर्णय के लिए रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की सीआरपीएफ योजना के तहत कुल 12 विकास कार्यों की स्वीकृति दी गई है, जिन पर 453.96 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया निर्माण
गौरतलब है कि करीब दो वर्ष पूर्व भारी वर्षा के कारण पुल के पिलर बैठ गए थे, जिससे कई दिनों तक जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया था। तब विधायक आदेश चौहान की पहल पर वैली ब्रिज का निर्माण कराया गया था।
नए पुल के लिए विधायक आदेश चौहान ने लगातार केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 से पूर्व इस पुल निर्माण को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कराया और फिर अक्टूबर 2024 में इसे केंद्र सरकार को भेजा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर उन्होंने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए प्रयास किया।

राजनीतिक समर्थन और अनुमोदन
इस पुल के निर्माण की स्वीकृति में पूर्व सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक और पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके माध्यम से भी केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय तक यह मांग पहुंचाई गई थी।
विकास कार्यों की बड़ी उपलब्धि
रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने डबल इंजन सरकार की विकास योजनाओं की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और सांसद का आभार जताया। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए जनता को बधाई दी।

