पिरान कलियर:(जीशान मलिक)सोहलपुर निवासी कु० निधि को समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘इंटरनेशनल चेंज मेकर अवार्ड-2026’ और ‘योगा एंड नेचुरोपैथी मानद डॉक्टरेट उपाधि’ से सम्मानित किया गया है।यह सम्मान सोक्रेटिस सोशल रिसर्च यूनिवर्सिटी ट्रस्ट की ओर से नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि डॉल्फिन फ्रेश वॉटर रिसर्च सेंटर के आर.के. सिन्हा रहे। पूर्व सांसद प्रदीप गांधी, पूर्व न्यायाधीश एल.एन. राव और सेवानिवृत्त विंग कमांडर प्रफुल्ल बख्शी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।
कु० निधि लंबे समय से वंचित, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, योग शिक्षा और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय हैं। उनके सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए चयन समिति ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि कु० निधि ने समाज सेवा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाई है। उनका काम दूसरों के लिए प्रेरणा है।कु० निधि की इस उपलब्धि से सोहलपुर क्षेत्र, हरिद्वार जनपद और पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन हुआ है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है।
