नैनीताल:(जीशान मलिक) रामनगर शहर में अंग्रेजी शराब की दुकानों पर मनमाने दाम वसूलने वाले संचालकों पर प्रशासन का शिकंजा कस गया है। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने रानीखेत रोड स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान पर फिल्मी अंदाज में स्टिंग ऑपरेशन कर छापेमारी की, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
“ग्राहक भेजकर कराई ओवररेटिंग की पुष्टि”
एसडीएम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि दुकान पर तय रेट से अधिक कीमत वसूली जा रही है। शिकायतों की पुष्टि के लिए एसडीएम ने एक योजना बनाई। उन्होंने दो लोगों को ग्राहक बनाकर दुकान पर शराब खरीदने भेजा। जैसे ही दुकानदार ने निर्धारित मूल्य से ज्यादा पैसे लिए, एसडीएम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और दुकान की जांच शुरू कर दी।छापेमारी में मिलीं गंभीर खामियां जांच के दौरान दुकान में कई बड़ी गड़बड़ियां पकड़ी गईं।
दुकान में भारी मात्रा में ऐसी बीयर की कैन बरामद हुईं जिनकी एक्सपायरी डेट निकल चुकी थी। इसे प्रशासन ने ग्राहकों की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ माना है। शराब की बोतलें तय रेट से काफी अधिक दामों पर बेची जा रही थीं। स्टिंग के दौरान यह आरोप मौके पर ही साबित हो गया। दुकान में लगे फायर एक्सटिंग्विशर काम नहीं कर रहे थे। आग जैसी आपात स्थिति में यह बड़ी लापरवाही साबित हो सकती थी।
“डीएम और आबकारी विभाग को भेजी रिपोर्ट”
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने बताया कि दुकान में मिली सभी खामियों और अवैध वसूली की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी और जिला आबकारी निरीक्षक को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकान स्वामियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति भी की जाएगी।
एसडीएम चौहान ने सख्त लहजे में कहा, “शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। यदि कोई भी दुकानदार ग्राहकों से अधिक पैसे वसूलता हुआ पाया गया तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।”
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर की अन्य शराब दुकानों में भी हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने संकेत दिए हैं कि इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।

