नैनीताल:(जीशान मलिक) उत्तराखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद नैनीताल के डीएसए खेल मैदान में ईद-उल-अज़हा की नमाज हर्षोल्लास और पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। शहर और आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में नमाजी सुबह ही मैदान पहुंच गए।नमाजियों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर मुल्क में सुख-शांति, तरक्की और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में थी। डीएसए मैदान और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। ड्रोन और सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर रखी गई। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।नमाज के दौरान मौलाना मुफ्ती सैयद ने तकरीर में लोगों से आपसी सौहार्द, मोहब्बत और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा, “ईद कुर्बानी और इंसानियत का पैगाम देती है। हम सब मिलकर देश में अमन-चैन की दुआ करें।”प्रशासन की सख्ती और लोगों के सहयोग से पूरे नैनीताल में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। नमाज के बाद लोग अपने घरों को लौट गए और कुर्बानी की रस्म अद की।

