Breaking
15 Sep 2026, Tue

17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक उत्तराखंड में आयोजित होगा ‘स्वास्थ्य पखवाड़ा’

हरिद्वार:(जीशान मलिक)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (2 अक्टूबर) तक पूरे उत्तराखंड में “स्वास्थ्य पखवाड़ा” आयोजित किया जाएगा। इसके सफल संचालन के लिए सोमवार को विकास भवन सभागार में स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में विधायक रुड़की प्रदीप बत्रा, विधायक भगवानपुर ममता राकेश, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए संकल्पबद्ध है। “स्वास्थ्य पखवाड़ा” इसी दिशा में बड़ा कदम है, जिसका मकसद स्वास्थ्य सेवाओं को आसान बनाना और जनभागीदारी बढ़ाना है।

उन्होंने निर्देश दिए कि –

• प्रत्येक जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और जिलास्तरीय अधिकारी के लिए रोस्टर तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराया जाए।

• स्वास्थ्य शिविरों में विशेषकर महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण पर जोर दिया जाए।

• जिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी, निजी मेडिकल कॉलेजों और नर्सिंग कॉलेजों में विशेषज्ञ शिविर आयोजित किए जाएं, जिनमें हृदय रोग, मधुमेह, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग समेत गंभीर बीमारियों की जांच और परामर्श उपलब्ध हो।

• सभी स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर भी लगाए जाएं।

• जनप्रतिनिधि और अधिकारी क्षयरोग पीड़ितों को गोद लें, ताकि निक्षय मित्र योजना में उत्तराखंड प्रदेश को प्रथम स्थान दिलाया जा सके।

• अल्ट्रासाउंड केंद्रों और झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त निगरानी रखी जाए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वास्थ्य सचिव को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य पखवाड़े के सफल आयोजन हेतु सभी व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करेगा ताकि हर नागरिक तक स्वास्थ्य शिविरों का लाभ पहुँचे।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग की कार्ययोजना पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा पखवाड़े और महात्मा गांधी की 150वीं जयंती वर्ष की भावना को समर्पित है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *