पंजाब:(चीफ एडिटर)प्राकृतिक आपदा से प्रभावित राज्यों की मदद के लिए युवा बंजारा एकता संगठन (हरिद्वार) आगे आया है। संगठन के अध्यक्ष अंकित राठौर ने जानकारी दी कि पंजाब, हिमाचल, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और बिहार समेत कई राज्य भारी बरसात से प्रभावित हुए हैं। इस आपदा ने जहां कई लोगों की जान ली, वहीं जान-माल और पशुओं को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
ऐसे कठिन समय में सामाजिक संगठन और संस्थाएं प्रभावित क्षेत्रों में दवाई, खाना, कच्चा राशन और पशुओं के लिए चारे की मदद पहुँचा रहे हैं। इसी क्रम में युवा बंजारा एकता संगठन ने पंजाब के फाजिल्का जिले के गांवों में 250 राशन किट, बुखार और दर्द की दवाइयाँ तथा 600 पानी की बोतलें वितरित कीं।
संगठन अध्यक्ष अंकित राठौर ने बताया कि टीम ने घर-घर जाकर किट वितरित की। उन्होंने कहा कि “वास्तविक स्थिति बेहद गंभीर है। पानी निकलने में करीब एक माह का समय लग सकता है। हालांकि स्थानीय लोगों ने लंगर और अस्थायी तंबुओं की व्यवस्था कर ली है, इसलिए फिलहाल खाने-पीने की वस्तुओं की कमी नहीं है। लेकिन पशुओं के लिए हरे चारे और सूखी लकड़ियों की सबसे अधिक आवश्यकता है।”
संगठन के महामंत्री मनदीप राठौर ने भी अपील की कि लोग इस समय खाने-पीने पर चिंता करने के बजाय पशुओं के चारे की आपूर्ति में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
इस अवसर पर संगठन के महामंत्री मनदीप राठौर, मंत्री नितिन राठौर, उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राठौर और अंकित कुमार मौजूद रहे।

