देहरादून:(जीशान मलिक) बाल लिंगानुपात में सुधार और बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से 15 अगस्त को जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों में कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा’ (Save The Girl Child Pledge)दिलाई जाएगी। इस संबंध में जिला समुचित प्राधिकारी, पीसीपीएनडीटी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के तहत जिले के सभी डिग्री कॉलेजों, विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने स्तर पर कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा दिलाना सुनिश्चित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को लिंग भेद तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
प्रतिज्ञा के दौरान बेटियों को बेटों के समान प्यार, पोषण, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर देने के साथ ही उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया जाएगा। साथ ही घर, समाज और आसपास ऐसा सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करने की शपथ दिलाई जाएगी, जहां प्रत्येक बेटी गरिमा और सम्मान के साथ जीवन जी सके।
जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और कार्मिकों को कन्या भ्रूण संरक्षण तथा बेटियों के अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।

