हरिद्वार:(जीशान मलिक) कांवड़ मेले के दौरान धर्मनगरी हरिद्वार का माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है। शहर के गली-मोहल्लों से लेकर हर की पैड़ी और कांवड़ मार्गों तक हर ओर ‘हर हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष सुनाई दे रहे हैं। भगवा वस्त्र पहने शिवभक्तों के जत्थे कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं।
कांवड़ियों की भीड़ के बीच धर्मनगरी का हर कोना आस्था और भक्ति से सराबोर नजर आ रहा है। जगह-जगह कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए शिविरों में श्रद्धालुओं को भोजन, पानी, फल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
कांवड़ियों के जयकारों और भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस भी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। धर्मनगरी में उमड़ा यह आस्था का सैलाब शिवभक्ति और श्रद्धा की अद्भुत तस्वीर पेश कर रहा है।

