हरिद्वार:(चीफ एडिटर) स्वतंत्रता दिवस से पहले देवनगरी हरिद्वार देशभक्ति के रंग में रंग गई। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज में महाविद्यालय की कई इकाइयों के संयुक्त तत्वाधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।यात्रा का आयोजन कॉलेज के आतंरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, पर्यावरण प्रकोष्ठ, लीगल ऐड सेल, एंटी ड्रग सेल, मानक क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने मिलकर किया। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ प्राध्यापक और कर्मचारी भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले सभी लोगों ने देवनगरी में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रविन्द्र पुरी महाराज रहे। कॉलेज पहुंचने पर उनका पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।छात्रों को संबोधित करते हुए महंत डॉ. रविन्द्र पुरी ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीन रंग देश के महान आदर्शों और राष्ट्रीय मूल्यों को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि हमें जो आजादी मिली है वह असंख्य वीरों के त्याग का परिणाम है। आज की युवा पीढ़ी का दायित्व है कि वह देश की एकता और गौरव को बनाए रखे।
उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी युवा शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता में है। युवाओं को अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना होगा। शिक्षा को केवल रोजगार का साधन न मानकर राष्ट्र और समाज की सेवा का माध्यम बनाना चाहिए।महंत ने सभी को राष्ट्र की एकता बनाए रखने का संकल्प दिलाया और तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है। यह हर नागरिक के भीतर राष्ट्र के प्रति सम्मान जगाने का अभियान है। राष्ट्रीय ध्वज हमें स्वतंत्रता संग्राम और अपने दायित्वों की याद दिलाता है। उन्होंने छात्रों से अपने घरों में तिरंगा फहराने के साथ उसकी गरिमा का ध्यान रखने की अपील की।अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने कहा कि तिरंगा विविधता में एकता का प्रतीक है। जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखना होगा। सुपरवाइजर मनोज सहगल ने युवाओं से सोशल मीडिया और तकनीक के दौर में देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया।
कॉलेज परिसर से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कॉलेज पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में शामिल छात्रों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारे लगाए। अनुशासित तरीके से निकली इस यात्रा ने आम नागरिकों को भी राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।इस अवसर पर प्रो. जे. सी. आर्य, डॉ. शिव कुमार चौहान, डॉ. विजय शर्मा, वैभव बत्रा, डॉ. पूर्णिमा सुंदरियाल, डॉ. मोना शर्मा, विनीत सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहन चंद्र पाण्डेय, सहायक अध्यापक अरुण कुमार, मनोज कुमार, चंद्रकांत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

