
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) महिला हिंसा के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर हरिद्वार में साइलेंट वॉकथॉन का आयोजन किया गया।इस वॉकथॉन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, शंकर आश्रम हरिद्वार से किया गया।

जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार व सचिव सिमरनजीत कौर के दिशा-निर्देशन में रिटेनर अधिवक्ता नीलू शर्मा एवं पराविधिक स्वयंसेवकों (PLVs) ने जागृति वूमेन कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसाइटी (NGO) के साथ मिलकर यात्रा निकाली।वॉकथॉन में 500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान महिलाओं के प्रति हिंसा के उन्मूलन, महिला अधिकारों की सुरक्षा तथा समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण स्थापित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पीएलवी द्वारा महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा के मामलों में उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी संरक्षण के बारे में भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, समानता एवं सुरक्षा की भावना को प्रोत्साहित करना तथा महिला हिंसा के विरुद्ध सामूहिक रूप से आवाज उठाना रहा।

