Breaking
16 Sep 2026, Wed

हरिद्वार में मलेशिया सिविल सेवा प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत, प्रशासनिक व्यवस्थाओं का मिला अनुभव

हरिद्वार:(चीफ एडिटर)मलेशिया सिविल सेवा के 33 प्रशिक्षु अधिकारियों का एक दल राष्ट्रीय सुशासन केंद्र, भारत सरकार के तत्वावधान में कोर्स कोऑर्डिनेटर/फैकल्टी मेंबर डॉ. संजीव शर्मा, कोऑर्डिनेटर डॉ. बी.एस. बिष्ट एवं ट्रेनिंग एसोसिएट बृजेश बिष्ट के नेतृत्व में हरिद्वार पहुंचा। विकास भवन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ और गंगाजल भेंटकर उनका स्वागत किया।

विकास भवन कन्वेंशन हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मलेशिया सिविल सेवा में चयनित प्रशिक्षु अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों, दायित्वों, अधिकारों एवं शक्तियों के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, हरिद्वार की सांस्कृतिक-धार्मिक पहचान, गंगा आरती, कुंभ मेला, कांवड़ यात्रा, भीड़ नियंत्रण और आपदा प्रबंधन जैसी चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोंडे ने ग्राम स्तर तक विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों तक उन्हें पहुंचाने की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चौधरी ने पुलिस संरचना, कानून-व्यवस्था, धार्मिक मेलों में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के अनुभव साझा किए।

खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल ने विकास खंड स्तर की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि कार्यक्रम का संचालन जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी ने किया।

मलेशिया टीम लीडर और डिप्टी डायरेक्टर, फायर एंड रेस्क्यू डिपार्टमेंट मोहम्मद खैरुल रिजाल एवं बृजेश बिष्ट ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए प्रतीक चिन्ह भेंट किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.के. सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, परियोजना निर्देशक के.एन. तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला बाल विकास अधिकारी सुलेखा सहगल, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, तहसीलदार सचिन कुमार, डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अभिषेक चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *