Breaking
23 Sep 2026, Wed

हरिद्वार में बनेगा उत्तराखंड का पहला राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी, मंत्री रेखा आर्या ने किया शिलान्यास

हरिद्वार:(जीशान मलिक) महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को राजकीय विशेष गृह परिसर में ‘प्लेस ऑफ सेफ्टी (किशोर)’ भवन निर्माण के लिए विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने की।कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि किशोर न्याय अधिनियम 2015 के अनुसार वर्तमान में हरिद्वार में विशेष गृह और प्लेस ऑफ सेफ्टी एक ही भवन में संचालित हैं। बढ़ती आवश्यकता और कार्य की संवेदनशीलता को देखते हुए राज्य सरकार ने ₹555.15 लाख की लागत से 50 क्षमता वाले पृथक राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी भवन को स्वीकृति दी है। इसके निर्माण के बाद उत्तराखंड का पहला राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी हरिद्वार में संचालित होगा।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विधि-विवादित किशोरों को केवल संरक्षण देना नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक वातावरण देकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। यह भवन किशोरों के पुनर्वास और भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।मंत्री ने कार्यक्रम के बाद राजकीय बाल देखरेख गृह, संप्रेक्षण गृह और राजकीय विशिष्ट दत्तक ग्रहण एजेंसी का निरीक्षण किया। बच्चों से शिक्षा और दिनचर्या के बारे में बातचीत कर अधिकारियों को बच्चों के सर्वोत्तम हित में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

उन्होंने बताया कि यहां किशोरों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, खेलकूद के साथ कैनवास पेंटिंग, फाइल फोल्डर निर्माण और भीमल पेंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां कराई जा रही हैं। स्वरोजगार से जोड़ने के लिए शीघ्र ही पॉटरी यूनिट भी स्थापित की जाएगी।रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार बच्चों के संरक्षण के लिए संवेदनशीलता से काम कर रही है। यह भवन सामाजिक न्याय और बाल कल्याण की दिशा में ऐतिहासिक पहल है।

कार्यक्रम का संचालन संतोष रावत ने किया। इस दौरान निदेशक बंशी लाल राणा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी अंजना गुप्ता सहित अधिकारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *