Breaking
26 Nov 2026, Thu

हरिद्वार में निकली साइलेंट वॉकथॉन, 210 प्रतिभागियों ने महिला हिंसा के खिलाफ उठाई आवाज

हरिद्वार:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन, महिला सुरक्षा, सम्मान और समानता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को जागृति विमेन्स कॉन्फ्रेंस हरिद्वार सोसायटी द्वारा पैन इंडिया साइलेंट वॉकथॉन का आयोजन किया गया।ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस, नई दिल्ली के शताब्दी वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित इस वॉकथॉन में केयर कॉलेज, डिवाइन कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज के विद्यार्थियों, संस्था के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों सहित कुल 210 प्रतिभागियों ने भाग लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह ठीक 8 बजे भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, शंकर आश्रम चौक से हुआ। मुख्य अतिथि एसपी जीआरपी अरुणा भारती रहीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि अरुणा भारती ने कहा कि लड़कियों और महिलाओं को सबसे पहले स्वयं को मानसिक, वैचारिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाना होगा। घर से बाहर निकलते समय यह संकल्प लेना चाहिए कि न तो हम किसी को प्रताड़ित करेंगे और न ही स्वयं किसी के अत्याचार को सहन करेंगे। उन्होंने महिलाओं को पुलिस हेल्पलाइन एवं वूमेन सेफ्टी ऐप की जानकारी रखने की सलाह दी।संस्था की पैट्रन मंजुला भगत ने ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस की समृद्ध विरासत और गौरवशाली परंपरा के बारे में जानकारी दी।

हाई कोर्ट के अधिवक्ता ललित मिगलानी ने कहा कि आज समाज की तस्वीर बदल रही है। जहां महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा गंभीर विषय है, वहीं आज पुरुष भी प्रताड़ना का सामना कर रहे हैं। इसलिए समाज को इस पहलू पर भी संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए।कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशिमा श्रवण ने किया, जबकि सचिव डॉ. करुणा शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इसके बाद मुख्य अतिथि अरुणा भारती, डॉ. प्रीत शिखा वर्मा, अधिवक्ता ललित मिगलानी, पैट्रन मंजुला भगत, अलका शर्मा, नीरू जैन, सचिव डॉ. करुणा शर्मा एवं कोषाध्यक्ष मोनिका गर्ग ने संयुक्त रूप से फ्लैग ऑफ कर वॉकथॉन का शुभारंभ किया।वॉकथॉन भगवान दास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय से प्रारंभ होकर आर्य नगर चौक तक गई और वापस उसी मार्ग से महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने शांति एवं अनुशासन के साथ महिला सुरक्षा, सम्मान और हिंसा मुक्त समाज का संदेश दिया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *