
हरिद्वार:(जीशान मलिक) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद हरिद्वार में नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जगजीतपुर क्षेत्र के स्कूलों के आसपास चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान में 20 स्कूटी और मोटरसाइकिल सीज की गईं।यह अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाया गया। इस दौरान टीम ने विद्यालय प्रशासन से भी बातचीत की। प्रधानाचार्यों ने बताया कि पहले ही अभिभावकों को नोटिस देकर नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन से स्कूल न भेजने की हिदायत दी गई थी, इसके बावजूद कई छात्र वाहन लेकर आ रहे थे और स्कूल के आसपास की गलियों में पार्क कर रहे थे।


परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन को विश्वास में लेते हुए इन वाहनों को सीज किया और संबंधित अभिभावकों को सूचना देकर बच्चों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था करने को कहा।इस अभियान में ARTO (प्रशासन) निखिल शर्मा, यातायात कर अधिकारी वरुणा सैनी और भारत भूषण भी मौजूद रहे।

विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बिना लाइसेंस और निर्धारित आयु पूरी किए बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह न सिर्फ उनके बच्चों बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी खतरा है। विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

