हरिद्वार(जीशान मलिक)जनपद के विकास योजनाओं के लिए प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं हेतु 6735.60 लाख रुपये यानी सड़सठ करोड़ पैंतीस लाख साठ हजार रुपये का बजट समिति द्वारा अनुमोदित किया गया।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि वार्षिक परिव्यय के अंतर्गत सामान्य मद में 5297.60 लाख, अनुसूचित जाति मद में 1404.50 लाख और अनुसूचित जनजाति मद में 33.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल परिव्यय की लगभग 15 प्रतिशत से अधिक धनराशि स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, दुग्ध, रेशम, मत्स्य, वानिकी, गन्ना आदि रेखीय विभागों के लिए प्रावधानित की गई है।
इस बार प्राथमिक शिक्षा को पहली बार जिला योजना में सम्मिलित किया गया है। अभिनव पहल के अंतर्गत ऑर्नामेंटल मीठा जल, झींगा पालन और नवीन गतिविधियां भी शामिल की गई हैं।
प्रभारी मंत्री ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि संचालित विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय करें और योजनाओं को पात्र व्यक्ति तक धरातल पर पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा फोन पर जानकारी मांगने पर यदि कॉल रिसीव न हो सके तो अधिकारी कॉल बैक जरूर करें और समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला योजना में सभी जनप्रतिनिधियों के प्रस्ताव सम्मिलित किए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर प्रस्तावों में संशोधन का भी प्रावधान है। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों से जिला योजना का परिव्यय नहीं बढ़ा है, इसके लिए प्रभारी मंत्री से परिव्यय बढ़ाने की अपेक्षा की गई है।मुख्य विकास अधिकारी डॉ ललित नारायण मिश्र ने स्लाइड शो के माध्यम से विभागवार परिव्यय की जानकारी दी।
विभागवार प्रमुख अनुमोदित बजट:
पंचायतीराज विभाग 1636 लाख, युवा कल्याण 1234.19 लाख, राजकीय सिंचाई विभाग हरिद्वार 278 लाख, रुड़की 261 लाख, प्रांतीय खंड लोनिवि हरिद्वार 269 लाख, रुड़की 269.71 लाख, जल संस्थान 216 लाख, कृषि विभाग 190 लाख, उद्यान विभाग 200 लाख, पशुपालन विभाग 260 लाख, मत्स्य विभाग 115.20 लाख, खेलकूद 135 लाख, वैकल्पिक ऊर्जा 125 लाख, प्राथमिक शिक्षा 80 लाख, माध्यमिक शिक्षा 100 लाख, एलोपैथिक चिकित्सा 100 लाख, पेयजल निगम 163.89 लाख।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर किरण जैसल, विधायक रानीपुर आदेश सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, सुशील त्यागी, उपाध्यक्ष लव शर्मा, सीएमओ डॉ आरके सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी सहित जिला योजना समिति के सदस्य और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

