Breaking
5 Jun 2026, Fri

“सातवाँ रोवर्स-रेंजर्स बेसिक व एडवांस कोर्स का भव्य शुभारंभ, 49 प्रोफेसर ले रहे प्रशिक्षण”

देहरादून/भोपालपानी:(भगवा सनातन टाइम्स चीफ एडिटर)भारत स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तराखंड द्वारा आयोजित सातवाँ रोवर्स एवं रेंजर्स का बेसिक और एडवांस प्रशिक्षण कोर्स आज से प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र भोपालपानी में आरंभ हो गया है। यह शिविर 1 मई से 7 मई 2025 तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 49 प्रोफेसर प्रशिक्षण हेतु पहुँचे हैं।

शिविर का विधिवत उद्घाटन भारत स्काउट्स गाइड्स उत्तराखंड के प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त श्री राम सिंह नेगी द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं कोर्स लीडर प्रो. सतेन्द्र कुमार ने कहा, “स्काउट्स वह कुआँ है जो प्यासों की तलाश करके उनकी प्यास बुझाता है।”

प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राम सिंह नेगी ने भी प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा, “हमारा दिमाग पैराशूट के समान है, जो खुलने पर ही क्रियाशील होता है।”

प्रशिक्षण में भाग लेने वालों में उत्तरकाशी से सर्वाधिक 9 प्रोफेसर शामिल हैं। अन्य जिलों में अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चम्पावत, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ शामिल हैं।

प्रशिक्षण शिविर में बेसिक रोवर स्काउट लीडर के लिए 20, बेसिक रेंजर गाइड लीडर के लिए 19, एडवांस रेंजर व एडवांस रोवर दोनों वर्गों में 5-5 प्रतिभागी प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रथम दिवस के कार्यक्रम में ध्वजारोहण, ध्वज शिष्टाचार, पेट्रोल डिवीजन, कोर्स नोटबुक का वितरण, आंदोलन के मूलभूत सिद्धांत, स्मार्टनेस एवं गुड ऑर्डर, वर्दी संबंधित जानकारी आदि शामिल रहे।

प्रो. सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में प्रशिक्षण का संचालन किया जा रहा है। उनके साथ प्रशिक्षण देने वाले स्टाफ में डॉ. जगमोहन नेगी (राजकीय महाविद्यालय गोपेश्वर), डॉ. अखिलेश्वर द्विवेदी (राजकीय महाविद्यालय अगस्त्यमुनि), डॉ. विनोद कुमार (राजकीय महाविद्यालय डाकपत्थर), मिस्टर मंगल सिंह गढ़वाल व गायत्री साहू (देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज), एडवोकेट वीरेंद्र नेगी, और डॉ. नीतू बलोनी (राजकीय महाविद्यालय देहरादून) शामिल हैं।

यह प्रशिक्षण शिविर युवाओं को नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रीय भावना से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *