
हरिद्वार:(रागिब नसीम) सत्यम पाठशाला के बच्चों ने मंगलवार को जनपद मुख्यालय का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को जाना। इस दौरान बच्चों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एडीएम जितेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आरके सिंह और एसपी क्राइम एवं यातायात निशा यादव ने बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, अनुशासन और यातायात नियमों की जानकारी दी।


जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बच्चों से कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य तय करना जरूरी है और कड़ी मेहनत व लगन से ही लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर समय का सदुपयोग पढ़ाई और रचनात्मक कार्यों में करने की सलाह दी।एसपी निशा यादव ने कहा कि हर बच्चा आईएएस-आईपीएस बन सकता है, इसके लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन जरूरी है। सीएमओ डॉ. आरके सिंह ने स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया।

सत्यम पाठशाला के संचालक अरुण कश्यप ने बताया कि बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए समय-समय पर ऐसे भ्रमण कराए जाते हैं। भ्रमण के दौरान शिक्षिका रेणु देवी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

