




हरिद्वार:(चीफ एडिटर) विक्टूरा टेक्नोलॉजी ने कंपनी के संस्थापक के जन्मदिन को सामाजिक सरोकार और मानव सेवा के रूप में मनाते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में कर्मचारियों ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए कुल 185 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में 201 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया था।



कार्यक्रम का शुभारंभ एचआर एवं प्लांट हेड ने दीप प्रज्वलित कर किया। रक्त संग्रह की जिम्मेदारी उत्तराखंड ब्लड सेंटर, हरिद्वार और चैरिटेबल ब्लड सेंटर की टीमों ने संभाली। टीमों ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच के बाद व्यवस्थित तरीके से रक्त संग्रह किया।इस दौरान हेड एचआर धर्मेंद्र सिंह सिरोही, गौरव ठाकुर, रीनू कुमार, विपिन पुरोहित, उपेंद्र, वीरेंद्र मौर्य, भुवन मिश्रा, प्लांट हेड सुभाष दीक्षित सहित कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

एचआर हेड धर्मेंद्र सिंह सिरोही ने रक्तदाताओं और दोनों ब्लड सेंटर की टीमों का आभार जताते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में रक्तदान की अहम भूमिका होती है। शिविर के माध्यम से कर्मचारियों ने सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की सेवा का संदेश दिया।

