हरिद्वार:(जीशान मलिक) बुग्गावाला क्षेत्र के शाहमनशूर गांव स्थित हजरत शाहमंशूर साहब की दरगाह पर आयोजित सालाना उर्स के दौरान गुरुवार को अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह पहुंचे। सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, जो देर शाम तक जारी रहा। हजारों की संख्या में जायरीनों के पहुंचने से पूरा क्षेत्र मेले के माहौल में नजर आया।
उर्स में शामिल होने पहुंचे जायरीनों ने हजरत शाहमंशूर साहब की दरगाह पर अकीदत के साथ हाजिरी लगाई। श्रद्धालुओं ने दरगाह पर चादरपोशी और गुलपोशी कर अपनी मन्नतों की पूर्ति के लिए दुआ मांगी।बड़ी संख्या में लोगों ने देश में अमन, चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए भी दुआएं कीं।
दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे जायरीन अपने साथ चादर और फूल लेकर दरगाह पहुंचे। दरगाह परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। उर्स के चलते आसपास के क्षेत्र में भी काफी चहल-पहल देखने को मिली। जायरीनों ने दरगाह पर पहुंचकर अपनी अकीदत का इजहार किया और धार्मिक रस्मों में हिस्सा लिया।हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के चलते शाहमनशूर गांव और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह उर्स के रंग में रंगा नजर आया। दरगाह परिसर के आसपास अस्थायी दुकानें और विभिन्न प्रकार के स्टॉल भी सजे रहे, जिससे मेले जैसा वातावरण बना रहा। बाहर से आने वाले जायरीनों ने उर्स में शामिल होने के साथ स्थानीय बाजारों में भी खरीदारी की।
श्रद्धालुओं का कहना था कि हजरत शाहमंशूर साहब की दरगाह पर हर साल बड़ी संख्या में लोग अकीदत के साथ पहुंचते हैं। उर्स उनके लिए आस्था और श्रद्धा का प्रमुख अवसर है। जायरीनों ने दरगाह पर देश और प्रदेश में सुख-शांति, खुशहाली तथा आपसी भाईचारे की कामना की। उर्स के दौरान क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण दिनभर चहल-पहल बनी रही और देर शाम तक दरगाह पर जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

