
लखनऊ:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से जुड़े लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई।भेंट के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा झनकैया पुल एवं सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के पुराने और जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने इन कार्यों को जनहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा संबंधित पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है। इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों और किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखना जरूरी है।बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से जुड़ी परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष मामलों के समयबद्ध समाधान पर जोर दिया गया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। दोनों राज्यों के बीच पूर्व में बनी सहमति के आधार पर कई प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही पूरी की जा चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शेष लंबित विषयों का भी आपसी सहमति से जल्द समाधान होगा।मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्तियों से जुड़े मामलों के समाधान में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।

