Breaking
15 Sep 2026, Tue

रास्ते के विवाद में फिर खूनी संघर्ष, दो सगे भाई गंभीर घायल

हरिद्वार:(जीशान मलिक)कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के ग्राम पीरपुरा में रास्ते के विवाद को लेकर एक बार फिर खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में घात लगाकर बैठे एक पक्ष के लोगों ने दो सगे भाइयों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से हरिद्वार सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, पीरपुरा निवासी इखलाक पुत्र घसीटा किसी काम से मोटरसाइकिल पर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे इकबाल पुत्र घसीटा और उसके बेटों ने उसे रोककर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसी दौरान अपने भाई को बचाने पहुंचे इकराम पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। दोनों भाइयों के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त होने के बाद जांच कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर करीब तीन वर्षों से विवाद चला आ रहा है। इखलाक, इकराम और अफजाल तीनों सगे भाई हैं। आरोप है कि उनके साझा रास्ते के करीब सात फीट हिस्से पर इकबाल पक्ष द्वारा दीवार बनाकर कब्जा किया गया है। इस संबंध में पूर्व में संयुक्त मजिस्ट्रेट के समक्ष शिकायत भी की गई थी। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनातनी चली आ रही है।

परिजनों के मुताबिक, इससे पहले 18 मार्च 2026 को भी इकबाल और उसके परिवार के लोगों पर अफजाल के घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा था। आरोप है कि उस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें अफजाल गंभीर रूप से घायल हुआ था। मौके पर पहुंचे इकराम और इखलाक ने उसे बचाया था। इस मामले में मंगलौर पुलिस ने इकबाल और उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और जांच जारी बताई गई थी।अब 14 सितंबर की सुबह दोबारा हुए हमले से गांव में तनाव का माहौल बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *