हरिद्वार:(जीशान मलिक) हरिद्वार की संत परंपरा और पत्रकारिता जगत शनिवार को एक साथ राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रेस क्लब हरिद्वार की ओर से संतों के सानिध्य में आयोजित समारोह में तिरंगा शान से लहराया तो राष्ट्रगान के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। ध्वजारोहण के बाद संतों और पत्रकारों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया और उनकी स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस आयोजित समारोह में जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश वालिया ने कहा कि तिरंगे के नीचे खड़े होकर आजादी का जश्न मनाना जितना गौरव का विषय है, उतना ही यह उन बलिदानियों को याद करने का अवसर भी है, जिनके खून-पसीने और संघर्ष से देश को स्वतंत्रता मिली। उन्होंने कहा,“आज हम जिस खुली हवा में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य वीरों का बलिदान है। शहीदों ने देश के लिए अपना सब कुछ दे दिया, इसलिए उनका बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।”उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का भी बोध कराती है। देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और गौरव को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होने के नाते राष्ट्रहित और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम करता है।
जिला प्रेस क्लब महामंत्री अनिल बिष्ट ने कहा कि आजादी के पीछे छिपे संघर्ष और बलिदान की कहानी नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर हमें केवल शहीदों को याद ही नहीं करना चाहिए, बल्कि उनके सपनों के भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प भी लेना चाहिए।संत समाज ने भी स्वतंत्रता दिवस को देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक शक्ति से जोड़ते हुए पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं।
महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी गर्व गिरी महाराज एवं महंत गोविंद दास महाराज ने कहा कि आजादी की कीमत वही समझ सकता है, जो उसके पीछे हुए बलिदानों को समझता है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य वीरों की तपस्या और त्याग का परिणाम है। इस अमूल्य विरासत को अक्षुण्ण रखना प्रत्येक देशवासी का धर्म है।स्वामी सुतिक्ष्ण मुनि ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की।
समारोह में राकेश वर्मा, सुमित वर्मा, मोहन राजा, मुमताज आलम, मनोज कश्यप, मोहम्मद नदीम, रोहित वर्मा, गणेश भट्ट, अशोक पांडेय, मुस्कान राजपूत, नदीम सलमानी, त्रिवेश जैमिनी, फुरकान अंसारी, नवनीत शर्मा, सुरेश, रूचि ट्रोलिया और सचिन गुप्ता सहित जिला प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

