
हरिद्वार:(चीफ एडिटर) रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी सौगात दी है। विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर शिवालिकनगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में चार सड़क निर्माण कार्यों के लिए कुल 3.41 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।स्वीकृत कार्यों के तहत वार्ड संख्या 02 में 99.42 लाख रुपये की लागत से लगभग 4.5 किलोमीटर सड़क, शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले लगभग 1 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए 45.26 लाख रुपये, वार्ड संख्या 03 में 97.48 लाख रुपये की लागत से लगभग 2 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण तथा वार्ड संख्या 04 में 99.11 लाख रुपये की लागत से लगभग 5 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा।


विधायक आदेश चौहान ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार क्षेत्रीय आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है। मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता से रानीपुर विधानसभा में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है।उन्होंने कहा कि इन सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से हजारों परिवारों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी, जिसका लाभ स्थानीय निवासियों के साथ-साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भी मिलेगा। रानीपुर विधानसभा में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी है।


