Breaking
16 Oct 2026, Fri

मेधावी विद्यार्थी उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के आधार स्तंभ : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में पं. दीनदयाल उपाध्याय शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह में 63 मेधावी छात्र-छात्राओं और 6 प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया।समारोह में हाईस्कूल के 38 और इंटरमीडिएट के 25 मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि इंटरमीडिएट में गीतिका पंत और सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप से 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉप किया। उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले 6 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री धामी ने सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। इसमें शिक्षकों और अभिभावकों का भी अहम योगदान है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश का हाईस्कूल का परीक्षाफल 92.10 प्रतिशत और इंटरमीडिएट का 85.11 प्रतिशत रहा है।उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थी उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य के आधार स्तंभ हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, उसमें राष्ट्रप्रेम और नैतिक मूल्यों का भी समावेश होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को आधुनिक तकनीक, नवाचार और भारतीय जीवन मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित किए गए हैं, 500 विद्यालयों में वर्चुअल क्लासरूम की व्यवस्था की जा रही है और सरकारी स्कूलों में एनसीईआरटी की पुस्तकें अनिवार्य की गई हैं।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक सविता कपूर, सचिव शिक्षा ज्योति यादव सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *