Breaking
26 Nov 2026, Thu

मुनस्यारी में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करेगी सरकार : सतपाल महाराज

देहरादून:(जीशान मलिक) लोक निर्माण एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुनस्यारी पर्यटन की दृष्टि से तेजी से उभर रहा है। यहां अनियोजित पर्यटन को सुनियोजित एवं व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त हों।धारचूला के दांतू गांव के भ्रमण के बाद देर शाम मुनस्यारी पहुंचे मंत्री महाराज ने शुक्रवार सुबह पत्रकार वार्ता में क्षेत्र में पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।मंत्री ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सी-बकथॉर्न के उत्पादन एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सी-बकथॉर्न की अपार संभावनाएं हैं, जिससे स्थानीय किसानों और ग्रामीणों की आजीविका मजबूत होगी। इस संबंध में संबंधित विभागों से चर्चा की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आदि कैलाश यात्रा और सीमांत क्षेत्रों के विकास को लेकर विशेष लगाव है। इसी क्रम में व्यास वैली में महर्षि वेदव्यास की मूर्ति स्थापित करने तथा कुटी गांव में पांडवों से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने की योजना पर कार्य किया जाएगा।

मुनस्यारी को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए मिलम-जोहाड़ क्षेत्र को जोशीमठ से जोड़ने की संभावनाओं पर भी उन्होंने जोर दिया।इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने थामरी कुंड ट्रेक पर हट्स निर्माण, बेटूलीधार में स्कीइंग स्थल के विकास, स्थानीय युवाओं को गाइड प्रशिक्षण देने और मल्ला जोहार क्षेत्र के सुमतु से बृजगंगा तक ट्रेक रूट विकसित करने सहित क्षेत्र की विभिन्न पर्यटन संबंधी मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।इसके बाद मंत्री सतपाल महाराज ने डाडाधार स्थित नंदा देवी मंदिर एवं ट्राइबल हेरिटेज म्यूजियम का भ्रमण कर क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का अवलोकन किया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *