
नई दिल्ली:(जीशान मलिक) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने वर्ष 2027 में होने वाले पुरुष एकदिवसीय विश्व कप के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में 57 मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट प्रशंसकों को सबसे अधिक इंतजार भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले का रहेगा। दोनों टीमें 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में आमने-सामने होंगी।भारतीय टीम विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। इसके तीन दिन बाद भारतीय टीम चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में उतरेगी। जोहान्सबर्ग में होने वाले इस मुकाबले को लेकर अभी से क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।


भारत का तीसरा मुकाबला 14 अक्टूबर को अफगानिस्तान के खिलाफ त्श्वाने में होगा। इसके बाद 17 अक्टूबर को ब्लोमफोंटेन में क्वालीफायर टीम से भारतीय टीम की भिड़ंत होगी। ग्रुप चरण में भारत अपना अंतिम मुकाबला 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ विक्टोरिया फॉल्स में खेलेगा।

“दो समूहों में बांटी जाएंगी टीमें”
विश्व कप के मुख्य ग्रुप चरण में 12 टीमों को छह-छह टीमों के दो समूहों में विभाजित किया जाएगा। ग्रुप-ए में भारत, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालीफायर टीम को रखा गया है। वहीं ग्रुप-बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका और दूसरी क्वालीफायर टीम शामिल होगी।मेजबान देशों को प्रतियोगिता में स्थान मिल चुका है, जबकि शेष टीमों की स्थिति आईसीसी की योग्यता प्रक्रिया और क्वालीफायर मुकाबलों के आधार पर तय होगी। विश्व कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफायर मुकाबले भी अहम भूमिका निभाएंगे।
“विंडहोक से होगी विश्व कप की शुरुआत”
मुख्य ग्रुप चरण से पहले नामीबिया की राजधानी विंडहोक में तीन टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। ये मुकाबले 2, 4 और 6 अक्टूबर को आयोजित होंगे। इस चरण के बाद प्रतियोगिता का मुख्य दौर आगे बढ़ेगा।ग्रुप चरण के मुकाबलों के बाद निर्धारित प्रारूप के अनुसार टीमें अगले चरण में प्रवेश करेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए शीर्ष टीमें अपनी जगह बनाएंगी।
’21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में खिताबी मुकाबला…
विश्व कप के सेमीफाइनल मुकाबले 17 और 18 नवंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद क्रिकेट जगत की निगाहें 21 नवंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर रहेंगी। खिताबी मुकाबला जोहान्सबर्ग में आयोजित किया जाएगा।
“भारत के ग्रुप चरण के मुकाबले!!
7 अक्टूबर:भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया — केपटाउन
10 अक्टूबर: भारत बनाम पाकिस्तान — जोहान्सबर्ग
14 अक्टूबर:भारत बनाम अफगानिस्तान — त्श्वाने
17 अक्टूबर:भारत बनाम क्वालीफायर टीम — ब्लोमफोंटेन
24 अक्टूबर: भारत बनाम जिम्बाब्वे — विक्टोरिया फॉल्स

