Breaking
26 Aug 2026, Wed

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2027: व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए खुला आवेदन का रास्ता

नैनीताल:(जीशान मलिक) उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तैयारियों के बीच व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। परिषद की ओर से जारी आदेश के अनुसार 25 अगस्त से व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के ऑनलाइन आवेदन पत्र भरे जाएंगे। आवेदन के लिए विद्यालय पोर्टल 25 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे से 31 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक खुला रहेगा।

परिषद सचिव विनोद कुमार डुंगरियाल की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परिषद परीक्षा के लिए संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के ऑनलाइन आवेदन की तिथियां निर्धारित की गई हैं। संस्थागत परीक्षार्थियों के आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक निर्धारित थी, जिसकी अंतिम तिथि 24 अगस्त है।

इसके बाद 25 से 31 अगस्त 2026 तक व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन भरे जाएंगे। व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन के लिए संबंधित विद्यालयों को अग्रसारण केंद्र बनाया गया है। परिषद ने इन विद्यालयों के लिए अलग यूजर नेम की व्यवस्था की है। यूजर नेम में तीन अंकों का जनपद कोड और उसके बाद विद्यालय कोड का प्रयोग किया जाएगा।

परिषद के अनुसार आवेदन करने से पहले परीक्षार्थियों को विद्यालय के लॉगिन पेज पर उपलब्ध विस्तृत दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन करना होगा। इसके बाद ही ऑनलाइन आवेदन पत्र भरा जाए, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।परिषद ने सभी संबंधित राजकीय, शासकीय सहायता प्राप्त एवं अशासकीय हाईस्कूल व इंटरमीडिएट विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन भरवाना सुनिश्चित करें।

समय सीमा का रखें ध्यान: व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन 25 अगस्त सुबह 11 बजे से 31 अगस्त रात 12 बजे तक किया जा सकेगा।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *