रूड़की:(ज़ीशान मलिक)फेडरल बैंक रुड़की शाखा द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत रुड़की ब्लड सेंटर के सहयोग से एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रेलवे बोर्ड की सदस्य पूजा नंदा ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज नंदा उपस्थित रहे।
शिविर का आयोजन रुड़की ब्लड सेंटर में किया गया, जहां शाखा प्रबंधक भंवर भाटिया ने रक्तदाताओं का स्वागत करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान मानव सेवा है और इससे किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं को नियमित रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि रेलवे बोर्ड सदस्य समाज सेविका पूजा नंदा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक पुण्य कार्य है जिसे हर स्वस्थ व्यक्ति को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। वहीं, विशिष्ट अतिथि पंकज नंदा ने कहा कि रक्तदान केवल किसी व्यक्ति की जान बचाने का कार्य नहीं, बल्कि यह हमारे सामाजिक दायित्व को निभाने का एक माध्यम है।
इस अवसर पर रक्तवीर अंशुल मित्तल को उनके निरंतर रक्तदान और सामाजिक सेवा के प्रति समर्पण हेतु स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। अंशुल मित्तल कार्यक्रम ने कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी को पड़ सकती है, अतः हर व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील की कि वे रक्तदान को अपनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लिया और सभी का उत्साह देखने लायक था। फेडरल बैंक की ओर से प्रबंधक भंवर भाटिया और वेणु कपूर द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस सफल आयोजन के लिए फेडरल बैंक टीम, ब्लड सेंटर के संचालक अखिल सैनी और उनकी टीम और उपस्थित गणमान्य अतिथियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

