Breaking
26 Nov 2026, Thu

पौड़ी में 16 से 18 नवंबर तक सजेगा शरदोत्सव, तैयारियों को लेकर डीएम ने ली बैठक

देहरादून:(जीशान मलिक) नगरपालिका पौड़ी द्वारा आयोजित शरदोत्सव-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। 16 से 18 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस महोत्सव में खेल, संस्कृति और पर्यटन का संगम देखने को मिलेगा। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने हितधारकों, संबंधित विभागों, नगर पालिका और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक की।इस आयोजित बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने आयोजन की रूपरेखा रखी। उन्होंने बताया कि शरदोत्सव के तहत फुटबॉल प्रतियोगिता 14 नवंबर से शुरू होगी। मुख्य आयोजन के दौरान फोटोग्राफी एवं पेंटिंग प्रदर्शनी, झांकियां, बेबी शो, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, वाद-विवाद, सामान्य ज्ञान, चित्रकला, मेहंदी, रंगोली और फैंसी ड्रेस जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ही 16 नवंबर की शाम नाइट सफारी मुख्य आकर्षण रहेगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि शरदोत्सव केवल मनोरंजन का आयोजन न रहकर पौड़ी की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को पहचान दिलाने का माध्यम बने। इसके लिए स्थानीय नागरिकों, युवाओं, कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी बढ़ाई जाए। उन्होंने सभी विभागों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप तैयारियां पूरी करने और आयोजन समिति के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।नाइट सफारी को लेकर जिलाधिकारी ने रूट प्लान, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा सहित आयोजन में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय सुविधाएं एवं एम्बुलेंस, पुलिस और परिवहन विभाग को यातायात प्रबंधन तथा संबंधित विभागों को आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

नगर पालिकाध्यक्ष ने बताया कि पौड़ी के पर्यटन को नई पहचान देने के लिए ‘पौड़ी एक पहल’ के तहत पर्यटन विषयक गोष्ठी भी आयोजित की जाएगी। बैठक में शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं झांकियों, खेल विभाग को खेल प्रतियोगिताओं और पर्यटन विभाग को पर्यटन गतिविधियों के संचालन में सहयोग देने की जिम्मेदारी दी गई। प्रचार-प्रसार, साफ-सफाई, सजावट, विद्युत व्यवस्था, मंच संचालन और स्टॉल प्रबंधन पर भी चर्चा हुई।बैठक में एडीएम पीआर चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, डीडीओ रमेश चंद्र, जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, थानाध्यक्ष जयपाल नेगी, एआरटीओ मंगल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर पालिका सभासद और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *