Breaking
26 Nov 2026, Thu

पौड़ी में धूमधाम से मना राज्योत्सव, आंदोलनकारियों को किया नमन

पौड़ी:(जीशान मलिक) राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जनपद मुख्यालय स्थित प्रेक्षागृह में राज्योत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विधायक राजकुमार पोरी ने राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।इस अवसर पर सूचना विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। बाल विकास विभाग की ओर से पांच लाभार्थियों को किशोरी किट और समाज कल्याण विभाग की ओर से सात दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। स्थानीय कलाकारों की लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड का गठन लंबे जन आंदोलन और आंदोलनकारियों के त्याग-बलिदान का परिणाम है। मुजफ्फरनगर कांड जैसी घटनाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर तक न्याय पंचायत और विकासखंड स्तर पर राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि पौड़ी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। पर्यटन विकास और युवाओं के लिए रोजगार-स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर लगातार काम किया जा रहा है।

राज्य आंदोलनकारी बीरा भंडारी ने कहा कि आंदोलन में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। युवा पीढ़ी को आंदोलन के इतिहास से परिचित कराना जरूरी है।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा रचना बुटोला, सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम पीआर चौहान, सीएमओ मेघना असवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और आंदोलनकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *