हरिद्वार:(जीशान मलिक) पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कार्मिक वेलफेयर एसोसिएशन हरिद्वार की संगोष्ठी रविवार को सीआईएसएफ कैम्प, शिवालिक नगर भेल हरिद्वार में आयोजित की गई। संगोष्ठी की अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष एवं उत्तराखंड हाईकोर्ट नैनीताल के अधिवक्ता रूपचंद आजाद ने की, जबकि संचालन उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र कपूर ने किया।
संगोष्ठी के आरंभ में संगठन के वरिष्ठ सदस्य हरीश चंद्र भौखण्डी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बता दें कि भौखण्डी का स्वर्गवास 02 जून 2026 को इंदरेश हॉस्पिटल देहरादून में हो गया था। सभी सदस्यों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।संगोष्ठी में पूर्व अर्धसैनिक बल कर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं और उनके समाधान पर सुझाव दिए। सबसे प्रमुख मुद्दा हरिद्वार में सीजीएचएस डिस्पेंसरी खुलवाने का रहा। अध्यक्ष रूपचंद आजाद ने सदस्यों को विस्तार से बताया कि संगठन ने अब तक हरिद्वार में सीजीएचएस डिस्पेंसरी के लिए क्या-क्या प्रयास किए हैं और आगे की रणनीति क्या होगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और आसपास के हजारों पूर्व अर्धसैनिक कर्मियों को इलाज के लिए देहरादून जाना पड़ता है। डिस्पेंसरी खुलने से बुजुर्ग पेंशनर्स को बड़ी राहत मिलेगी।
संगोष्ठी में उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र कपूर, राजेंद्र बाबू पुष्कर, एसके पांडे, राजकुमार रवि, योगेंद्र सिंह, मदन मोहन, दया चंद, मेनपाल सिंह, माम चंद, तारा प्रसाद, धरमपाल, राजीव शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने और पेंशनर्स की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

