
देहरादून:(जीशान मलिक) पीपलकोटी क्षेत्र में पहाड़ी से गिरकर HCC कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई। SDRF की टीम ने सुबह सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद कर जिला पुलिस को सौंप दिया।21 नवंबर की रात को SDRF जोशीमठ को जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से सूचना मिली थी कि HCC कंपनी का एक कर्मचारी नदी में डूबकर लापता हो गया है।

सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट जोशीमठ से मुख्य आरक्षी महेश ऐठानी के नेतृत्व में टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। रात के अंधेरे में नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन कम दृश्यता के कारण सफलता नहीं मिल सकी।आज 22 नवंबर की सुबह SDRF टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान लापता व्यक्ति का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति की मौत पहाड़ी से गिरने के कारण घटनास्थल पर ही हो गई थी।
मृतक की पहचान मोहन लोहार, पुत्र बुद्धू लोहार, निवासी सोनितपुर, असम के रूप में हुई है।

