पिरान कलियर: हरिद्वार जिले में स्वास्थ्य विभाग ने मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में कलियर क्षेत्र में संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान सेंटर पर तैनात डॉक्टर की डिग्री ही फर्जी पाई गई, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सेंटर को सील कर उसका लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
“सील मशीन गायब करने का मामला भी सामने आया”
सीएमओ हरिद्वार आरके सिंह ने बताया कि जिले भर में मानकों का उल्लंघन करने वाले सेंटरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए टीमें गठित कर भौतिक (फिजिकल) जांच की जा रही है। उन्होंने एक चौंकाने वाला मामला साझा करते हुए बताया कि हाल ही में एक अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील किया गया था, लेकिन सेंटर संचालक ने सील की गई मशीन को ही गायब कर दिया। इस मामले में संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है।
कलियर मामले पर जानकारी देते हुए सीएमओ आरके सिंह ने कहा, “कलियर में जांच के दौरान संबंधित डॉक्टर की डिग्री फर्जी पाई गई है। इसे देखते हुए सेंटर को सील कर लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। संबंधित डॉक्टर के खिलाफ जल्द ही कानूनी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।”

