Breaking
26 Nov 2026, Thu

पिरान कलियर पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में एक युवक को किया गिरफ्तार, चार लाख की चरस बरामद

पिरान कलियर: हरिद्वार जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत पिरान कलियर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक कार और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को पिरान कलियर पुलिस टीम बेड़पुर चौक के समीप चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक रेनॉल्ट काइगर कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से कार सवार मोनू अली (26 वर्ष) पुत्र बारू निवासी ग्राम खेड़ी शिकोहपुर, कोतवाली भगवानपुर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव और आसपास के गांवों में नशा करने वाले कुछ लोगों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र करता था। इसके बाद कलियर क्षेत्र में उसे छोटी-छोटी मात्रा में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ड्राइविंग का काम करता है और अपने व्यक्तिगत खर्चों की पूर्ति तथा अधिक पैसा कमाने की चाह में इस अवैध कारोबार में लिप्त हो गया।इस मामले में कोतवाली पिरान कलियर में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 307/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई कर रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

“ये सामान हुआ बरामद…

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये है, तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर UK08BL3527) तथा ओप्पो एफ-27 प्रो मोबाइल फोन बरामद किया है।

“पुलिस टीम में ये रहे शामिल…

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, हेड कांस्टेबल इसरार अली, हेड कांस्टेबल माजिद खान तथा कांस्टेबल आविद अली शामिल रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *