पिरान कलियर:(जीशान मलिक) साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स मेले के दौरान कलियर गंगनहर घाट पर तैनात आपदा राहत दल ने सतर्कता और तत्परता का परिचय देते हुए अलग-अलग घटनाओं में डूब रहे दो जायरीनों की जान बचा ली। टीम की त्वरित कार्रवाई से दोनों को सकुशल बाहर निकालकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गंगनहर घाट पर सुरक्षा व्यवस्था के तहत तैनात आपदा राहत दल की टीम लगातार नहर में नहाने वाले जायरीनों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान गंगनहर पार करने का प्रयास कर रहा लुधियाना निवासी करीब 30 वर्षीय रोहित कुमार बीच नहर में पहुंचकर थक गया और डूबने लगा। खतरे को भांपते ही राहत दल के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।इसी तरह गाजियाबाद के डासना निवासी 10 वर्षीय चांद गंगनहर में नहा रहा था। तेज बहाव की चपेट में आने से वह डूबने लगा। मौके पर मौजूद आपदा राहत दल ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को भी सकुशल बचा लिया और बाद में उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
दोनों घटनाओं में आपदा राहत दल की समय रहते की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई देखकर परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत दल की सराहना करते हुए पुलिस का आभार जताया।सुरक्षा टीम में उपनिरीक्षक इखलाक मलिक, हेड कांस्टेबल त्रेपन सिंह चौहान, कांस्टेबल मोहित और कांस्टेबल मनवीर नेगी समेत 40वीं पीएसी आपदा राहत दल के जवान शामिल रहे। उर्स मेले के दौरान गंगनहर घाट पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि जायरीनों को किसी प्रकार की अनहोनी से बचाया जा सके।

