Breaking
16 Sep 2026, Wed

पिरान कलियर:मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का कारोबार, दो तस्कर गिरफ्तार

पिरान कलियर:(जीशान मलिक)मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से नशीली दवाओं का कारोबार किए जाने का पुलिस और एसटीएफ ने खुलासा किया है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 1150 ट्रामाडोल कैप्सूल और 10 कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।एसटीएफ को मंगलवार को सूचना मिली थी कि पिरान कलियर क्षेत्र स्थित मोनी मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ, ड्रग विभाग और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सावरी नावेद टी स्टॉल के सामने स्थित मोनी मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर नियमानुसार तलाशी ली।तलाशी के दौरान दुकान के काउंटर के ऊपरी रैक से 10 Codectus TR कोडीन कफ सिरप बरामद हुए। इसके अलावा पारदर्शी और सिल्वर पैकिंग की चार पन्नियों में कुल 860 Puroxiwin Spas कैप्सूल तथा 290 कैप्सूल अलग से बरामद किए गए। इस तरह कुल 1150 बिना लेबल वाले कैप्सूल पुलिस के हाथ लगे।पुलिस के अनुसार मौके से गिरफ्तार किए गए कुर्बान अली (40) निवासी महमूदपुर और आदिल (24) निवासी मुकरपुर से पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि दोनों ने पूछताछ में बरामद कैप्सूल को ट्रामाडोल बताया तथा मूल पैकिंग और लेबल हटाकर उन्हें खुले में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों ने यह भी बताया कि दवाएं नशे के आदी लोगों को मुनाफे के लिए बेची जाती थीं। हालांकि पुलिस ने इन दावों को आरोपियों के कथन के रूप में दर्ज किया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास बरामद दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई अभिलेख अथवा चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन भी नहीं मिला। इसके बाद दोनों को धारा 8/22/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।इस मामले में कोतवाली पिरान कलियर में मु0अ0सं0 212/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

“संयुक्त टीम में शामिल रहे”

एसटीएफ देहरादून के निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज व कांस्टेबल रवि पंत, कलियर थाने के एएसआई रामअवतार, हेड कांस्टेबल इसरार व हेड कांस्टेबल माजिद तथा ड्रग इंस्पेक्टर विनोद जगुड़ी और हरीश सिंह शामिल रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *