Breaking
8 Jun 2026, Mon

“परशुराम जयंती पर हुआ भव्य आयोजन, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की पुष्पांजलि अर्पित, 2 लाख रुपये छत्र निर्माण को दिए

ऋषिकेश:(मनन ढींगरा) श्री परशुराम महासभा के तत्वावधान में रविवार को परशुराम जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देहरादून रोड स्थित एक वेडिंग सेंटर में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। डॉ. अग्रवाल ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सभी को शुभकामनाएं दीं और परशुराम के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने परशुराम चौक पर स्थित भगवान परशुराम की प्रतिमा पर छत्र (छाया) निर्माण हेतु विधायक निधि से 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम विष्णु के दशावतारों में छठे अवतार हैं और उन्हें शौर्य व पराक्रम का प्रतीक माना जाता है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि ‘परशु’ पराक्रम का प्रतीक है और ‘राम’ सत्य सनातन धर्म का पर्याय है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जन्म अक्षय तृतीया के दिन हुआ था, जिससे उनकी शस्त्रशक्ति और शास्त्रज्ञान दोनों अक्षय माने जाते हैं।

डॉ. अग्रवाल ने आगे बताया कि महादेव से वरदानस्वरूप प्राप्त फरसे के कारण राम का नाम परशुराम पड़ा। उनके दिव्य अस्त्र और विशेष शक्तियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा द्वारा निर्मित दो दिव्य धनुषों पर केवल परशुराम ही बाण चढ़ा सकते थे, जो उनकी अद्भुत शौर्यशक्ति का प्रमाण है।

कार्यक्रम में स्वामी त्रिदंडी भक्ति विलास महाराज, स्वामी प्रसन्न त्यागी महाराज, दर्जाधारी राज्यमंत्री गिरीश डोभाल, सुभाष बड़थ्वाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष देवप्रयाग कृष्ण कांत कोठियाल, परशुराम महासभा के अध्यक्ष संदीप शास्त्री, महामंत्री अरुण शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश कंडवाल, आशाराम व्यास, डीपी रतूड़ी, पार्षद रीना शर्मा, राजेन्द्र बिष्ट, सोनू प्रभाकर, पुष्पा ध्यानी, अनिता तिवाड़ी, मदन मोहन शर्मा, जयेंद्र रमोला, शिव कुमार गौतम, रेखा चौबे, अभिषेक शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्यारे लाल ने किया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *