Breaking
1 Aug 2026, Sat

नेल्सन मंडेला जयंती पर हरिद्वार जेल में “कारागार सुधार अभियान” का आयोजन, बंदियों को बताए गए उनके अधिकार

हरिद्वार,(भगवा सनातन टाइम्स)हरिद्वार, 18 जुलाई 2025 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण उत्तराखंड, नैनीताल के निर्देशन में और जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेंद्र दत्त के आदेशानुसार, शुक्रवार को जिला कारागार हरिद्वार में “कारागार सुधार अभियान” के तहत एक दिवसीय गोष्ठी और विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह आयोजन नेल्सन मंडेला की जयंती के अवसर पर किया गया, जिसमें बंदियों को उनके अधिकारों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।

गोष्ठी के दौरान जेल परिसर में एक चिकित्सा शिविर का आयोजन भी हुआ, जिसमें फार्मासिस्ट राजेश गैरोला ने बंदियों को स्वच्छता से जुड़ी जानकारियां दीं। स्वास्थ्य विभाग से आए प्रिवेंशन ऑफिसर योगेश शर्मा ने एचआईवी से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में इंटर्नशिप कर रहे लॉ छात्रों द्वारा जेल सुधार और कानूनी सहायता पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने नेल्सन मंडेला के जीवन, संघर्ष और उनके मानवाधिकारों के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने जेल में चल रही अन्य सुधारात्मक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर ड्राइंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बंदियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की और सभी प्रतिभागियों व आयोजन में सहयोग देने वाले अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर डिप्टी जेलर प्रमोद दानू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. गर्ग, जेल प्रशासन के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट रमन सैनी ने किया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *