
पौड़ी:(जीशान मलिक) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिविल जज नाजिश कलीम की अध्यक्षता में गुरुवार को पैनल अधिवक्ताओं और एलएडीसीएस की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।प्राधिकरण कार्यालय में हुई बैठक में पैनल अधिवक्ताओं के लिए जारी नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने सभी अधिवक्ताओं को नई एसओपी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निःशुल्क विधिक सहायता के तहत आने वाले मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिवक्ता लाभार्थियों से नियमित संपर्क बनाए रखें ताकि उन्हें अपने प्रकरण की प्रगति की जानकारी मिलती रहे। साथ ही प्रकरणों से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रूप से संधारित करने को कहा।बैठक में पैनल अधिवक्ताओं और एलएडीसीएस के कार्यों, लंबित प्रकरणों की स्थिति और लाभार्थियों को मिल रही विधिक सेवाओं की समीक्षा की गई। सचिव ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिवक्ता निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

