Breaking
6 Jun 2026, Sat

धराली, उत्तरकाशी में स्वतंत्रता दिवस ध्वजारोहण — आपदा राहत कार्य में जुटी एजेंसियों और ग्रामीणों का अद्वितीय संकल्प

देहरादून:(जीशान मलिक)5 अगस्त 2025 को आई भीषण आपदा के बाद से लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी एजेंसियों ने आज स्वतंत्रता दिवस का पर्व धराली में ध्वजारोहण कर मनाया। पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ एवं इंसिडेंट कमांडर अरुण मोहन जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराया गया।

ध्वज फहराने के बाद सलामी गार्द द्वारा तिरंगे को सलामी दी गई तथा सभी उपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों और ग्रामीणों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया। इसके उपरांत राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ ली गई और आपदा में जान गंवाने वालों की स्मृति में दो मिनट का मौन धारण किया गया।

इस अवसर पर एसडीआरएफ, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP), सीमा सड़क संगठन (BRO), स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, अन्य सहयोगी एजेंसियों के कार्मिकों के साथ आपदा प्रभावित ग्रामीणजन भी शामिल हुए।

इंसिडेंट कमांडर अरुण मोहन जोशी ने अपने संबोधन में कहा— “विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के सम्मान के प्रति समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। हमारा दायित्व है कि हम न केवल आपदा प्रभावितों को राहत और सहायता पहुँचाएँ, बल्कि उनके मनोबल को भी मजबूत करें।”

पिछले दस दिनों से राहत कार्यों में जुटी विभिन्न एजेंसियों ने उत्कृष्ट समन्वय का परिचय दिया है। सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें लगातार रेस्क्यू कार्यों में लगी हैं, वहीं बीआरओ अवरुद्ध मार्गों की बहाली में जुटा है। प्रशासन द्वारा राहत सामग्री व चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

ग्रामवासियों ने भी साहस, धैर्य और आपसी सहयोग की मिसाल पेश की। समारोह के उपरांत ग्रामीणों और सभी एजेंसियों के कार्मिकों ने मिलकर राष्ट्रीय एकता, सेवा और सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *