
देहरादून:(जीशान मलिक) भारतीय वन सेवा संघ, उत्तराखंड चैप्टर की आम सभा की बैठक शनिवार को देहरादून में आयोजित की गई। बैठक में उत्तराखंड के सतत विकास, मिशन 2047, वन्यजीव संरक्षण और अधिकारियों के सेवा संबंधी विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया। इसी बैठक में संघ की नई कार्यकारिणी का निर्वाचन भी संपन्न हुआ।नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पर सुरेंद्र मेहरा निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर तेजस्विनी पाटिल और धीरज पांडेय को चुना गया। महासचिव की जिम्मेदारी धर्म सिंह मीणा को सौंपी गई। सांस्कृतिक सचिव बीजू लाल,संयुक्त सचिव नीतू लक्ष्मी और चंद्रशेखर जोशी, कोषाध्यक्ष स्वप्निल, खेल सचिव अमित कुमार और दिगंत निर्वाचित हुए।

इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में वैभव कुमार, हिमांशु बागड़ी, डी.पी. बलूनी, सरीन पंडित और ध्रुव मर्तोलिया को चुना गया।बैठक के दौरान उत्तराखंड के सतत विकास और वर्ष 2047 तक विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने में वन विभाग की भूमिका पर विशेष प्रस्तुतियां दी गईं। अधिकारियों ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के प्रभावी न्यूनीकरण, स्थानीय समुदायों की आजीविका के संवर्धन, वन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और तकनीक आधारित वन प्रबंधन जैसे विषयों पर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।आम सभा में अधिकारियों के सेवा संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई। इसमें आठवें केंद्रीय वेतन आयोग, वेतन समानता, कैडर प्रबंधन, पदोन्नति, PAR/ACR व्यवस्था में सुधार, प्रशासनिक मान्यता और अधिकारियों व वन कार्मिकों के कल्याण जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
बैठक में कोषाध्यक्ष द्वारा वित्तीय प्रतिवेदन भी प्रस्तुत किया गया। सदस्यों ने पूर्व में लिए गए निर्णयों और अभ्यावेदनों की प्रगति की समीक्षा की।नव निर्वाचित कार्यकारिणी ने अधिकारियों के सामूहिक हितों के संरक्षण और संघ को सशक्त मंच बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अध्यक्ष और महासचिव ने सभी सदस्यों के विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए एकजुटता और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।

