Breaking
25 Sep 2026, Fri

देहरादून जू से ग्वालियर के लिए बाघ विनिमय दल रवाना, सफेद बाघ लाएगा दल

देहरादून:(जीशान मलिक) देहरादून जू एवं ग्वालियर जूलॉजिकल पार्क, मध्य प्रदेश के मध्य स्वीकृत बाघ विनिमय कार्यक्रम के अंतर्गत आज एक नर रॉयल बंगाल टाइगर को ग्वालियर भेजा गया है।वन विभाग के अनुसार बाघ को निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत रेस्क्यू वैन में सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया गया। पशु चिकित्सकीय परीक्षण और स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पशु चिकित्सकों ने बाघ को स्वस्थ और परिवहन के लिए उपयुक्त प्रमाणित किया, जिसके बाद दल को रवाना किया गया।

“अभिषेक मैठाणी के नेतृत्व में दल रवाना”

दल का नेतृत्व उप प्रभागीय वनाधिकारी, देहरादून उप वन प्रभाग, अभिषेक मैठाणी और वरिष्ठ पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप मिश्रा कर रहे हैं। दल में क्षेत्राधिकारी सतविंदर सिंह, यूनिट प्रभारी, देहरादून जू के अन्य अधिकारी/कर्मचारी, QRT सदस्य और कीपर/स्टाफ शामिल हैं। सुरक्षा के लिए रेस्क्यू वैन के साथ एस्कॉर्ट वाहन भी रवाना हुए हैं। यात्रा के दौरान बाघ की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दल आज देहरादून से प्रस्थान कर ग्वालियर पहुंचेगा। इसके बाद 27 सितम्बर को ग्वालियर जूलॉजिकल पार्क से एक सफेद रॉयल बंगाल टाइगर को देहरादून जू लाने हेतु दल प्रस्थान करेगा।

निदेशक, देहरादून जू, वैभव कुमार सिंह ने बताया कि यह विनिमय कार्यक्रम केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) की स्वीकृति एवं सक्षम प्राधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। सफेद बाघ के देहरादून पहुंचने पर आवश्यक पशु-चिकित्सकीय प्रक्रियाएं पूरी कर उसे जल्द ही आमजन के देखने हेतु प्रदर्शित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि देहरादून जू द्वारा लगातार देश के अन्य चिड़ियाघरों से समन्वय किया जा रहा है ताकि भविष्य में अन्य वन्यजीवों को भी यहां लाया जा सके और पर्यटकों को अधिक से अधिक वन्यजीवों को देखने का अवसर मिल सके।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *