Breaking
8 Aug 2026, Sat

डाकघर की चौखट पर सजा सम्मान का मंच, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

ऋषिकेश:(जीशान मलिक) स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर राष्ट्रीय बचत अभिकर्ता संगठन, ऋषिकेश की ओर से शनिवार को त्रिवेणी घाट स्थित डाकघर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में डाक विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिह्न और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों और कविताओं के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस का उत्साह भी देखने को मिला।

समारोह में पोस्टमास्टर यूएस रावत, डिप्टी पोस्टमास्टर,खजान सिंह, पोस्टल असिस्टेंट,मोहित ध्यानी, जयदीप नेगी, विपिन कुमार और प्रकाश सिंह कृषाली को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। संगठन अध्यक्ष केके सचदेवा ने मुख्य अतिथि एकांत गोयल को भी स्मृति चिह्न और शॉल भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रसिद्ध गायक गोपाल भटनागर ने देशभक्ति गीत है प्रीत जहां की रीत सदा’की प्रस्तुति से की। इसके बाद अभिकर्ता अजय ब्रेजा ने गीत तथा हंसराज मंदोलिया ने कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया।मुख्य अतिथि एवं समाजसेवी एकांत गोयल, जो गंगानगर नगर निगम की पार्षद संध्या बिष्ट गोयल के प्रतिनिधि हैं, ने कहा कि आमजन को डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि डाकघर की योजनाएं लोगों को नियमित बचत के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में सहायक हैं।

पोस्टमास्टर यूएस रावत ने कहा कि डाकघर में आम जनता के लिए कई उपयोगी बचत योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील करते हुए डाकघर में उपलब्ध बैंकिंग सुविधाओं, धन जमा एवं निकासी, एटीएम सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी।डिप्टी पोस्टमास्टर खजान सिंह ने डाक विभाग की विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि डाकघर की ओर से आमजन को पत्र एवं पार्सल भेजने, डाक टिकट, पैकेजिंग और स्टेशनरी समेत अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।संगठन अध्यक्ष केके सचदेवा ने कहा कि मुख्य डाकघर ऋषिकेश में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर आयोजित कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पोस्टमास्टर यूएस रावत ने की, जबकि संचालन केके सिंधी ने किया। इस अवसर पर संरक्षिका पूर्णिमा वर्मा, अजय कुमार गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक परीक्षित मेहरा, अजीत पुंडीर, शिवम श्रीवास्तव, वीरा देवी, गीता सचदेवा, गोल्डी ब्रेजा, अनीता रैना, संगीता, विशेष गोदियाल, प्रियंका, ममता, भगत सिंह, पवन नौटियाल, दीपक उनियाल, रीना ढींगरा, शैला डंगवाल, रिंकी सिंह, रेखा चौहान, शशि नौटियाल, पूजा नैठानी, आशा अग्रवाल, ममता पंवार, मंजू शर्मा, नीलम डंगवाल, रविंद्र भारद्वाज, कंचन बंसल, सरस्वती रावत, रेखा शुक्ला, विजय रावत, गौरव वर्मा और राजेंद्र रैना सहित संगठन के सदस्य मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *