Breaking
16 Oct 2026, Fri

जिला कौशल समिति की पहली बैठक, रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर

पौड़ी:(जीशान मलिक) जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया।बैठक में जिला कौशल विकास योजना 2026-31 को जनपद की आर्थिक, भौगोलिक और रोजगार संबंधी आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने पर चर्चा हुई। उद्योग, पर्यटन, श्रम, कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास, शिक्षा और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी विचार किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि युवाओं को उनकी रुचि, स्थानीय संसाधनों और रोजगार की संभावनाओं के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाना जरूरी है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें ताकि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।बैठक में इको टूरिज्म, उच्च मूल्य वाली पर्वतीय कृषि, कृषि प्रसंस्करण, डिजिटल इकोनॉमी, ग्रीन स्किल्स और पारंपरिक हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों को कौशल विकास के लिए प्राथमिकता वाले क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर मंथन किया गया।

क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि समिति का उद्देश्य कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं के नियोजन, क्रियान्वयन और अनुश्रवण के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना है, ताकि युवाओं को प्रशिक्षण से रोजगार तक जोड़ा जा सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, अग्रणी जिला प्रबंधक किशन रावत, निदेशक आरसेटी आशुतोष ममगाईं सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *