Breaking
27 Aug 2026, Thu

जिन्होंने संकट में थामा हाथ, उनकी कलाई पर ‘आस’ ने बांधा रक्षा सूत्र

देहरादून:(जीशान मलिक) रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गुरुवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जौलीग्रांट में आत्मीय और सौहार्दपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुमानीवाला, ऋषिकेश की संस्था आस (Action for Advancement of Society) के सदस्यों ने एसडीआरएफ के अधिकारियों एवं कार्मिकों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस दौरान संस्था की ओर से आपदा एवं अन्य विषम परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा और बचाव के लिए एसडीआरएफ जवानों द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में संस्था की सदस्यों ने एसडीआरएफ अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधी तथा उनके सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ के जवान प्राकृतिक आपदाओं और अन्य कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की मदद और सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। ऐसे जांबाज जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करना गौरव की बात है।कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संस्था के सदस्यों ने उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों को टीबी (क्षय रोग) के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने टीबी के प्रमुख लक्षणों, बीमारी से बचाव तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी। लोगों से बीमारी के लक्षण नजर आने पर लापरवाही न बरतने और समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की अपील की गई।

इस अवसर पर आस संस्था की ओर से हेमलता बहन,संगीता बहुगुणा, बबिता बौड़ाई,पूनम मैठाणी और लक्ष्मी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय की ओर से सहायक सेनानायक सुशील रावत, संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत, इंस्पेक्टर कविन्द्र सजवाण, सूबेदार सैन्य सहायक जयपाल राणा और सब इंस्पेक्टर पंकज खरोला सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *