रूड़की:(ज़ीशान मलिक)संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर रुड़की में भव्य एवं भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय किसान यूनियन (एकता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरमान त्यागी के नेतृत्व में किसान नेताओं, अधिवक्ताओं एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबा साहेब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
“पुष्पांजलि से शुरुआत, सामाजिक न्याय का लिया संकल्प”
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर हुई। उपस्थित जनसमूह ने ‘जय भीम’ के नारों के साथ बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाने और समाज में समानता व न्याय की स्थापना के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
‘‘बाबा साहेब ने दिया उन्नति का मूलमंत्र’: फरमान त्यागी”सभा को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन (एकता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष फरमान त्यागी ने कहा कि डॉ अंबेडकर ने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र की उन्नति का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि आज जब देश में संवैधानिक मूल्यों की बात हो रही है, तब बाबा साहेब के विचार सबसे ज्यादा प्रासंगिक हैं। फरमान त्यागी ने कहा कि किसान-मजदूर के हक और सामाजिक सम्मान की लड़ाई को बाबा साहेब के समतामूलक समाज के सपने से अलग नहीं किया जा सकता।
“भारतीय समाज के सच्चे प्रणेता थे अंबेडकर’: एडवोकेट राव बिलावर”
एडवोकेट राव बिलावर ने कहा कि डॉ भीमराव अंबेडकर का योगदान भारतीय समाज के लिए अमूल्य है। उन्होंने शिक्षा के प्रसार और शोषित, वंचित तथा पीड़ित वर्गों के उत्थान के लिए जो संवैधानिक संघर्ष किया, वह सदैव प्रेरणादायक रहेगा। बाबा साहेब को भारतीय समाज का सच्चा प्रणेता बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी समानता, न्याय और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर एडवोकेट ठाकुर प्रदीप सिंह, एडवोकेट सतीश कुमार, शिवम कुमार, नीरज कुमार, सोनू कुमार, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव शहबाज मुजम्मिल, एडवोकेट शक्ति सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बाबा साहेब के महिला अधिकार, श्रमिक कल्याण और हिंदू कोड बिल में योगदान को भी याद किया।अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन रुड़की क्षेत्र में सामाजिक एकता, जागरूकता और डॉ अंबेडकर के विचारों के प्रति जन सम्मान का प्रतीक बना।

