
हरिद्वार:(जीशान मलिक) 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के मौके पर जनपद भर में विविध कार्यक्रम गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों के अनुसार सभी तैयारियां पूरी करने के आदेश दिए हैं।सुबह 8 बजे फहरेगा झंडा जिलाधिकारी के अनुसार 2 अक्टूबर को सुबह 8 बजे सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद सभी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, संघर्ष और विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा। अंत्योदय, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश पर विशेष जोर रहेगा।


विद्यालयों और कॉलेजों में गांधी जी के विचारों पर व्याख्यान, वाद-विवाद प्रतियोगिता और गोष्ठियां होंगी, जिसमें जातिगत भेदभाव मिटाकर समता और नशा मुक्त समाज पर चर्चा की जाएगी। प्रौढ़ शिक्षा, साक्षरता और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।कार्यक्रमों में महिला सशक्तिकरण, बालिका शिक्षा, घरेलू हिंसा से मुक्ति और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष अभियान चलेंगे। साथ ही गांधी जी के ‘सादा जीवन उच्च विचार’ और सर्वधर्म समभाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

डीएम ने बताया कि कार्यक्रमों में पंच निरपेक्षता की अवधारणा, प्रेम-सद्भावना और सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया जाएगा। खादी, लघु-कुटीर और ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने के लिए उद्योग विभाग द्वारा अलग से कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे।जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्यक्रम गरिमापूर्ण और प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं और शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन हो।

